गोवा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत राज्य की पात्र कन्याओं को 1,00,000/- रुपये की आर्थिक सहायता फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में प्रदान की जाती है। यह राशि कन्या के विवाह, उच्च शिक्षा या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के समय वित्तीय सहायता के रूप में दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य कन्याओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके भविष्य को सुरक्षित करना है।
गोवा लाड़ली लक्ष्मी योजना की मुख्य विशेषताएं | |
|---|---|
| योजना का नाम | गोवा लाड़ली लक्ष्मी योजना। |
| शुरुआत की तिथि | 06-07-2012. |
| प्रदान किए जाने वाले लाभ | 1 लाख रूपये का फिक्स्ड डिपाजिट कन्या के नाम से। |
| पात्र लाभार्थी | गोवा की कन्यायें। |
| नोडल विभाग | महिला एवं बाल विकास निदेशालय |
| आवेदन कैसे करें | आवेदन पत्र के माध्यम से। |
| योजना अंग्रेजी में पढ़े | Laadli Laxmi Scheme. |
| फ्री योजना अपडेट | व्हाट्सएप | टेलीग्राम |

गोवा लाड़ली लक्ष्मी योजना का परिचय: एक संक्षिप्त विवरण
लाड़ली लक्ष्मी योजना (Laadli Laxmi Scheme) गोवा सरकार की सबसे महत्वपूर्ण और प्रमुख योजना है जिसे 6 जुलाई 2012 को शुरू किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की कन्याओं के विवाह, उच्च शिक्षा और अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने की दशा में उनको आर्थिक सम्बल प्रदान करना है। इस योजना के संचालन की जिम्मेदारी गोवा सरकार के महिला एवं बाल विकास निदेशालय की है।
लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत सभी पात्र कन्या लाभार्थियों को एक बार में 1,00,000 रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि लाभार्थी कन्या अपने विवाह के खर्च को पूरा करने, उच्च शिक्षा लेने, या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए उपयोग कर सकती है। सरकार द्वारा ये 1 लाख रूपये की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में दी जाएगी जिसमे खाता कन्या और महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक के संयुक्त नाम से खोला जायेगा।
इसके बाद जब लाभार्थी कन्या 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद विवाह, व्यवसाय या उच्च शिक्षा का चयन करेगी तब वो इस राशि का दावा कर सकती है। जो बालिका लाभार्थी गोवा की स्थायी निवासी हैं या पिछले 15 वर्षों से गोवा में रह रही हैं, वही लाड़ली लक्ष्मी योजना में आवेदन करने के पात्र मानी जाएगी। जब भी लाभार्थी कन्या द्वारा राशि का दावा किया जाएगा तभी 1,00,000 रूपये की सहायता सीधे कन्या के बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी।
यदि लाभार्थी कन्या के परिवार की वार्षिक आय 3,00,000 रूपये से अधिक है तो वह इस योजना का लाभ उठाने के लिए पात्र नहीं है। यदि लाभार्थी लड़की विवाहित है, तो उसे विवाह के 6 महीने के भीतर लाड़ली लक्ष्मी योजना की सहायता राशि का दावा करना होगा। वर्तमान में गोवा सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए कोई भी ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया उपलब्ध नहीं है।
लाभार्थी कन्या को लाड़ली लक्ष्मी योजना का ऑफलाइन आवेदन पत्र भरकर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में जमा करना होगा। योजना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए लाभार्थी उसी जिला कार्यालय से संपर्क कर सकती है जहाँ से आवेदन पत्र प्राप्त किया है। गोवा सरकार की सभी योजनाओं की सूची यहाँ पर देखी जा सकती है।
पात्र लाभार्थियों को प्रदान किए जाने वाले लाभ
गोवा सरकार द्वारा संचालित अपनी लाडली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र कन्या लाभार्थियों को निम्नलिखित लाभ प्रदान किए जायेंगे:
- लाभार्थी कन्या को 1,00,000 रूपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
- 1 लाख रूपये का फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) लाभार्थी कन्या और महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक के संयुक्त नाम पर बनाई जाएगी।
- कन्या अपना विवाह हो जाने के बाद वैध विवाह प्रमाण पत्र जमा कर यह राशि प्राप्त कर सकती है।
- अविवाहित कन्यायें भी यह राशि प्राप्त कर सकती हैं यदि वे उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती हो या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक हो।
- योजना की धनराशि का दावा 18 से 45 वर्ष की आयु के बीच किया जा सकता है।
पात्रता की आवश्यक शर्तें
गोवा सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत दी जाने वाली 1,00,000/- रुपये की वित्तीय सहायता का लाभ केवल उन लाभार्थी कन्याओं को दिया जायेगा जिनके द्वारा योजना की निम्नलिखित पात्रता की शर्तों को पूर्ण किया जायेगा:
- लाभार्थी कन्या गोवा राज्य की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- लाभार्थी कन्या गोवा में कम से कम 15 वर्ष से निवास कर रही हो।
- लाभार्थी कन्या के माता-पिता (किसी एक) का जन्म गोवा में होना चाहिए और वे पिछले 15 वर्षों से गोवा के निवासी होने चाहिए।
- यदि लाभार्थी कन्या का कोई एक माता या पिता पिछले 25 वर्षों से गोवा में रह रहा है, तो वह भी आवेदन करने के लिए पात्र है।
- परिवार की वार्षिक आय 3,00,000/- रुपये से कम होनी चाहिए।
- लाभार्थी कन्या विवाहित होनी चाहिए और उसकी आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
संलग्न किए जाने वाले आवश्यक दस्तावेज
गोवा सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना में आवेदन करते समय लाभार्थी कन्या को निम्नलिखित दस्तावेज़ों को आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना आवश्यक है:
- जन्म प्रमाण पत्र या गोवा में 15 साल का रहने का प्रमाण।
- 2 पासपोर्ट साइज़ फ़ोटो।
- लाभार्थी कन्या का आधार कार्ड।
- स्वघोषणा पत्र।
- विवाह प्रमाण पत्र। (सिर्फ़ शादीशुदा महिलाओं के लिए लागू)
- लड़की के माता-पिता में से किसी एक का जन्म प्रमाण पत्र या गोवा में रहने का प्रमाण।
- मोबाइल नंबर और ईमेल ID।
- बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड।
- माता-पिता की आय का प्रमाण।
इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थी कैसे आवेदन कर सकते हैं
गोवा सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र आवेदकों को ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना होता है। आवेदन पत्र महिला एवं बाल विकास निदेशालय के जिला कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है, जिसके लिए 100 रूपये का निर्धारित शुल्क देना होता है। आवेदन पत्र प्राप्त करने के बाद लाभार्थी को उसे ध्यानपूर्वक भरना होता है और सभी आवश्यक दस्तावेजों को उसके साथ संलग्न करना होता है। इसके बाद भरा हुआ आवेदन पत्र उसी जिला कार्यालय में जमा करना होता है जहाँ से इसे प्राप्त किया गया था।
आवेदन जमा करने के बाद संबंधित अधिकारी द्वारा उसकी गहन जांच की जाती है और आवेदक को एक रसीद प्रदान की जाती है। इसके पश्चात आवेदन पत्र को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाता है, जहाँ पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की जाती है। चयनित लाभार्थियों की सूची विभाग के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाती है और उन्हें SMS के माध्यम से सूचित किया जाता है। योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता की राशि केवल लाभार्थी लड़की के विवाह के बाद ही सीधे उसके बैंक खाते में स्थानांतरित की जाती है। साथ ही, आवेदक अपने आवेदन की स्थिति जिला महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में जाकर आसानी से पता कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण आवेदन पत्र
उपलब्ध महत्वपूर्ण लिंक
- गोवा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट।
- गोवा सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक दिशानिर्देश।
सहायता के लिए संपर्क विवरण
- गोवा सरकार के महिला एवं बाल विकास निदेशालय के संपर्क नंबर।
- गोवा सरकार के महिला एवं बाल विकास निदेशालय का पता :-
दूसरी मंज़िल, पुराने शिक्षा विभाग की इमारत,
18 जून रोड, पणजी,
गोवा – 403001.
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. गोवा लाड़ली लक्ष्मी योजना क्या है?
यह गोवा सरकार की एक प्रमुख योजना है जिसके तहत पात्र कन्याओं को 1,00,000 रुपये की आर्थिक सहायता फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में प्रदान की जाती है।
2. लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत कितनी राशि मिलती है?
इस योजना के अंतर्गत लाभार्थी कन्या को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
3. इस योजना का लाभ कौन ले सकता है?
गोवा राज्य की स्थायी निवासी कन्याएं, जो निर्धारित पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं, इस योजना का लाभ ले सकती हैं।
4. इस योजना में आवेदन कैसे किया जा सकता है?
इस योजना के लिए आवेदन ऑफलाइन माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में आवेदन पत्र जमा करके किया जा सकता है।
5. क्या इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन उपलब्ध है?
नहीं, वर्तमान में इस योजना के लिए कोई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया उपलब्ध नहीं है।
6. योजना की राशि कब मिलती है?
लाभार्थी कन्या को यह राशि विवाह, उच्च शिक्षा या स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के समय दावा करने पर प्रदान की जाती है।
7. क्या अविवाहित कन्या इस योजना का लाभ ले सकती है?
हाँ, अविवाहित कन्या भी उच्च शिक्षा या व्यवसाय शुरू करने के लिए इस योजना की राशि का लाभ प्राप्त कर सकती है।
8. क्या इस योजना में आय सीमा निर्धारित है?
हाँ, यदि परिवार की वार्षिक आय 3,00,000 रुपये से अधिक है तो वह इस योजना के लिए पात्र नहीं है।
9. योजना के लिए आवेदन शुल्क कितना है?
आवेदन पत्र प्राप्त करने के लिए लाभार्थी को 100 रुपये का शुल्क देना होता है।
10. आवेदन की स्थिति कैसे चेक करें?
आवेदक अपने आवेदन की स्थिति महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय में जाकर पता कर सकते हैं।
तबस्सुम पिछले 5 वर्षों से केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर शोध और लेखन कार्य कर रही हैं। अब तक कृषि, महिला कल्याण, शिक्षा और आवास जैसे क्षेत्रों की 500 से अधिक योजनाओं की जानकारी सरल हिंदी भाषा में प्रदान की है, ताकि हर पात्र नागरिक अपने अधिकारों को समझ सके और योजनाओं का लाभ उठा सके।
